आजमगढ़ जिले के हीरापट्टी मोहल्ले में वर्षों से खराब सड़क के निर्माण न होने से नाराज भारत रक्षा दल ने आज प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पानी में डूबी सड़क पर उतरकर नगरपालिका प्रशासन और नेताओं के खिलाफ आक्रोश जताया। उन्होंने सड़क के गड्ढों में पौधे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया और चेतावनी दी कि नहीं हुई सड़क की मरम्मत तो बड़ा आंदोलन करेंगे। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व भारत रक्षा दल के अध्यक्ष हरिकेश विक्रम श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने बताया कि यह सड़क हीरापट्टी, आराजीबाग और शिवाजी नगर जैसे कई मुहल्लों के लिए महत्वपूर्ण है। फातिमा स्कूल, सेंट्रल स्कूल और शिब्ली कॉलेज के छात्र भी इसी मार्ग से आते-जाते हैं। इसके अतिरिक्त, श्री चित्र गुप्त जी का मंदिर भी इसी सड़क पर स्थित है। श्रीवास्तव ने कहा कि सड़क वर्षों से बुरी तरह खराब है। लोगों ने कई बार नगर पालिका और प्रशासन को शिकायतें भेजीं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने इस स्थिति को घोर निकम्मापन बताया। कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका अध्यक्ष, विधायक, सांसद और प्रशासन के विरुद्ध नारे भी लगाए। श्रीवास्तव ने कहा कि यह एक प्रतीकात्मक विरोध है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जिलाधिकारी से मिलने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो एक बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।