रामनगरी 19 अक्तूबर को फिर से इतिहास रचने जा रही है। इस बार का दीपोत्सव एक नहीं बल्कि दो विश्व रिकॉर्ड अपने नाम करेगा। पहला रिकॉर्ड राम की पैड़ी पर 26 लाख 11 हजार 101 दीप जलाकर बनेगा, जब पूरा अयोध्या धाम अद्भुत रोशनी से जगमगा उठेगा। वहीं, दूसरा रिकॉर्ड सरयू तट पर होने वाली महाआरती का होगा। पिछले वर्ष 1100 वैदिक आचार्यों ने सरयू आरती कर रिकॉर्ड बनाया था लेकिन इस बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 2100 वैदिक आचार्य शंख और घंटा घड़ियाल की मधुर ध्वनि के बीच मां सरयू की महाआरती करेंगे। इस दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं आरती में शामिल होकर पुण्य अर्जित करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत रामकथा पार्क में भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक से होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री सरयू तट पर आरती में भाग लेंगे और तत्पश्चात राम की पैड़ी पर दीपोत्सव का पहला दीप जलाकर महाआयोजन की शुरुआत करेंगे। अयोध्या की यह भव्य संध्या न केवल आस्था और संस्कृति का संगम होगी, बल्कि विश्व पटल पर भारत की सनातन परंपरा का उज्ज्वल प्रतीक भी बनेगी।