श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की दान पेटिका में कथित अनियमितता के मामले को लेकर श्रद्धालुओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। मंदिर परिसर पहुंचे श्रद्धालुओं ने कहा कि यह मामला करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा है, इसलिए इसकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होना बेहद आवश्यक है। श्रद्धालुओं ने प्रदेश सरकार की ओर से गठित एसआईटी पर भरोसा जताते हुए कहा कि जांच एजेंसी तथ्यों के आधार पर सत्य को सामने लाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी और यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। श्रद्धालुओं का कहना था कि श्रीराम मंदिर देश और दुनिया के करोड़ों रामभक्तों की श्रद्धा का केंद्र है। ऐसे में दान और चढ़ावे से जुड़े मामलों में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है। लोगों ने कहा कि निष्पक्ष जांच से सच्चाई सामने आएगी और श्रद्धालुओं का विश्वास और मजबूत होगा।