मिल्कीपुर। प्रशासन पर घर मे रखी अंबेडकर मूर्ति को जबरन हटाए जाने का आरोप लगाते हुए भीम आर्मी के तहसील अध्यक्ष अजीत पासी ने समर्थकों के साथ प्रदर्शन करते हुए मांगो से संबंधित ज्ञापन एसडीएम मिल्कीपुर को दिया।हालांकि प्रशासन ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए विबादित भूमि पर जबरन अंबेडकर मूर्ति रखने से रोके जाने की बात कही है। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे अजीत पासी के अनुसार तहसील क्षेत्र मिल्कीपुर के मिश्रौली गांव में अंबेडकर पार्क के नाम भूमि सुरक्षित है जिस पर बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की मूर्ति स्थापित करने के लिए कुछ वर्ष पूर्व लाई गई थी, उस समय प्रशासन से अनुमति न मिलने के कारण स्थापित नही हो पाई थी और लक्ष्मण गौतम के घर मे रखी थी। बृहस्पतिवार को सीओ मिल्कीपुर थानाध्यक्ष खंडासा व पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और घर मे रखी अंबेडकर मूर्ति को उठाकर कहीं गायब कर दिया। गांव के लोगों की अंबेडकर पार्क की भूमि पर हुए अतिक्रमण की शिकायत को अनदेखा कर दिया जिससे अंबेडकर समर्थकों को ठेस पहुंची है। लोगों ने एसडीएम से मांग की है कि एक सप्ताह में अम्बेडकर पार्क से अतिक्रमण हटवाया जाय और अंबेडकर मूर्ति स्थापित कराई जाए। कार्यवाही न होने की स्थिति में अंबेडकर समर्थक प्रदर्शन को विवश होंगे। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर पियूष से बात की गई तो बताया कि बिना शासन से अनुमति लिए सिविल न्यायालय में विबादित भूमि पर लोग अंबेडकर प्रतिमा रखना चाह रहे थे जिसे वादी मुकदमा सुंदरलाल की शिकायत पर रोका गया है।