रामनगरी में रामलीला के उत्सव की शुरुआत हो गई है। अयोध्या के संत समाज की ओर से भागवताचार्य स्मारक सदन पर पिछले 70 वर्षों से आयोजित की जा रही रामलीला का शनिवार रात नारद मोह के मंचन के साथ आगाज हुआ। पूजन अर्चन के बाद रामलीला का मंचन हुआ। रामलीला में पहले दिन आस्था का जनसैलाब उमड़ा। बड़ी संख्या में संत महंतों के साथ श्रद्धालु और स्थानीय लोग रामलीला के माध्यम से श्रीराम से जुड़े विभिन्न प्रसंगों के साक्षी बने। रामलीला का आनंद लेने वालों में युवाओं की भी अच्छी संख्या मौजूद रही। रामलीला में विभिन्न किरदार निभाने वाले कलाकारों ने कहा कि रामनगरी में आकर राम के चरित्र पर लीला करना सौभाग्य का विषय है। यहां पर अभिनय प्रस्तुत करके बहुत ही अच्छा लग रहा है। भागवत आचार्य स्मारक सदन की रामलीला में रावण दहन के साथ भरत मिलाप का भी भव्य आयोजन होगा।