तारुन। क्षेत्र की 97 ग्राम सभाओं से जुड़ी आरोही संस्थान की करीब 500 किशोरियों ने मिशन शक्ति अभियान के तहत “सशक्त किशोरी, सशक्त समाज” थीम पर 7 किमी लंबी पदयात्रा निकाली। नशा बाजार से शुरू होकर तारुन थाना तक पहुंची इस यात्रा को एसपी ग्रामीण बलवंत, सीओ पीयूष पाल, थाना प्रभारी देवेंद्र पांडेय व अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। किशोरियों ने स्लोगन, नारे, नृत्य व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भाषण, रोल प्ले व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली किशोरियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अभिभावक व पुलिस कर्मियों का सहयोग रहा।