महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद और शिवसेना (उद्धव गुट) की वरिष्ठ नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने अयोध्या पहुंच कर रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन किए। इस दौरान केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। प्रियंका चतुर्वेदी ने श्रीराम जन्मभूमि और हनुमानगढ़ी में दर्शन कर खुद को सौभाग्यशाली बताया। कहा कि भगवान रामलला की कृपा देश और लोकतंत्र पर बनी रहे। अयोध्या की धरती से प्रियंका चतुर्वेदी ने सत्ता पक्ष पर जमकर निशाना साधा। कानून संशोधन को लोकतंत्र के खिलाफ साजिश बताया। विपक्षी नेताओं पर सीबीआई और आईटी के दुरुपयोग का आरोप भी लगाया। प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि सीबीआई और इनकम टैक्स का इस्तेमाल विपक्ष को डराने के लिए किया जा रहा है। एक साल बाद क्लीन चिट दी जाती है। सवाल तो उठेंगे ही। बिहार चुनाव पर भी प्रियंका चतुर्वेदी ने बड़ा दावा किया उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की जीत होगी। जनता सत्ता पक्ष से नाराज है। प्रियंका चतुर्वेदी ने अयोध्या में विकास के साथ रोजगार उपलब्ध कराने की भी मांग रखी।