राम मंदिर की दान राशि के गबन मामले में एसआईटी ने अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट शासन को सौंप दी है। वहीं, दूसरी तरफ एसआईटी जांच के बीच मंगलवार को राम मंदिर के शेष अवतार मंदिर के शिखर पर भव्य ध्वजारोहण समारोह आयोजित हुआ। इस समारोह की खास बात यह रही की इसमें एसआईटी जांच का सामना कर रहे राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉक्टर अनिल मिश्रा, गोपाल राव भी मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का संचालन करते दिखे। साथ ही रामनगरी के प्रमुख संतों ने इस ध्वजारोहण की प्रक्रिया को संपन्न कराया। इस कार्यक्रम से यह संदेश गया है कि रामनगरी के संत राम मंदिर ट्रस्ट के साथ खड़े हैं। संतों का कहना भी है कि इस पूरे मामले में बहुत जल्दबाजी नहीं की जानी चाहिए। एसआईटी जांच हो रही है अंतिम जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जाना चाहिए। संतों ने भरोसा जताया है कि जो सच होगा वह सामने आएगा, दूध का दूध और पानी का पानी होगा।