भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी करण शर्मा शनिवार को परिवार के साथ अयोध्या धाम पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान श्रीरामलला के दरबार में माथा टेका और हनुमानगढ़ी में भी दर्शन-पूजन किया। खास बात यह रही कि यह एक महीने में तीसरा मौका है, जब करण शर्मा अयोध्या आए हैं, लेकिन इस बार उनकी यात्रा और भी विशेष रही क्योंकि उनके साथ पूरा परिवार मौजूद था। दर्शन के बाद अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए करण शर्मा की मां पूनम शर्मा ने कहा कि आज पहली बार पूरे परिवार के साथ रामलला जी के दर्शन करने का अवसर मिला। बहुत ही दिव्य अनुभूति हुई और दिल को अपार शांति मिली। उसके बाद हम हनुमानगढ़ी भी गए, वहां के भी दर्शन कर मन अत्यंत प्रसन्न हुआ।उन्होंने अयोध्या में सरकार की ओर से की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की और कहा कि योगी सरकार की पहल से श्रद्धालुओं को बेहतरीन सुविधाएं मिल रही हैं। इस यात्रा में उनके साथ उनकी मां पूनम शर्मा, बहन ऋतिका शर्मा और अन्य परिवारीजन शामिल रहे। पूरे परिवार ने अयोध्या में हुए भव्य बदलाव और विकास कार्यों की खुलकर तारीफ की। एक ओर जहां देश के स्टार खिलाड़ी श्रद्धा और आस्था में लीन नजर आए, वहीं दूसरी ओर अयोध्या में श्रद्धालुओं का जनसैलाब लगातार उमड़ रहा है।