यूपी के अयोध्या में बृहस्पतिवार को नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने ओपीडी में सांस रोगी की मौत के मामले की जांच आख्या मांगी। प्रभारी एसआईसी ने जांच कमेटी के बारे में बताया तो विधायक भड़क गए। उन्होंने कहा कि जब डॉक्टर ही डॉक्टर की जांच करेगा तो सही रिपोर्ट कैसे आएगी। कोशिश हो कि सही बात सामने आए। आरोपी चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी पर कार्रवाई हो। दरअसल, शहर के वजीरगंज जप्ती निवासी बिंदू (45) सांस की समस्या से पीड़ित थे। वह बुधवार की दोपहर लगभग 1 बजे जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचे थे। वहां पर वीगो लगाकर मरीज को इंजेक्शन और दवाएं दी गईं। लेकिन, भर्ती करने की बजाय ओपीडी के कक्ष संख्या 14 में भेज दिया। वहां लाइन में खड़े-खड़े मरीज की मौत हो गई। इसके बाद परिजन आक्रोशित हो उठे। खबरम मिली को गुरुवार को विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, अपर निदेशक डॉ. एपी भार्गव व सीएमओ डॉ. सुशील कुमार बनियान के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने इमरजेंसी और ओपीडी में चिकित्सकों को बुलाकर मामले में नाराजगी जताई। जांच करके आख्या मांगी। कहा कि कोई भी गंभीर मरीज इमरजेंसी में आए तो पहले लक्षणों के आधार पर उसका इलाज करें।