अयोध्या में भारतीय किसान यूनियन ने यूरिया की कालाबाजारी और किसानों के शोषण के विरोध में जिला कृषि अधिकारी कार्यालय पर पंचायत की। राष्ट्रीय महासचिव घनश्याम वर्मा ने आरोप लगाया कि थोक विक्रेता फुटकर दुकानदारों को महंगे दाम पर यूरिया बेच रहे हैं और जबरन जिंक व अन्य उत्पादों की टैगिंग कराई जा रही है, जिससे किसानों का शोषण हो रहा है। उन्होंने थोक बिक्री दर घोषित करने और कालाबाजारी रोकने की मांग की। मध्यांचल सचिव सूर्यनाथ वर्मा ने सहकारी समितियों की दर पर ही फुटकर दुकानों तक यूरिया उपलब्ध कराने की बात कही। जिला अध्यक्ष रामगणेश मौर्य ने फार्मर रजिस्ट्री की समस्या उठाई। जिला कृषि अधिकारी के मौजूद न रहने से वार्ता नहीं हो सकी, जिस पर 1 जून को किसान महापंचायत की घोषणा की गई।