अयोध्या में शहर के पुष्पराज चौराहे की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर खोदे गए गड्ढे से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार सुबह एक दोपहिया वाहन चालक गड्ढे में फंसकर घायल हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। बताया जा रहा है कि करीब दो दिन पहले सड़क खोदकर कार्य अधूरा छोड़ दिया गया, लेकिन सुरक्षा के लिए न तो बैरिकेडिंग की गई और न ही चेतावनी संकेत लगाए गए। गड्ढे के कारण मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया है और मुख्य रास्ता लगभग बंद होने से लोगों को सिविल लाइन जाने के लिए लंबा चक्कर लगाकर आना-जाना पड़ रहा है। इससे समय की बर्बादी हो रही है। स्थानीय निवासियों ने जल्द गड्ढा भरवाकर सड़क दुरुस्त कराने तथा सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है।