अयोध्या में मंगलवार को जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने कलेक्ट्रेट परिसर का वार्षिक निरीक्षण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव तथा आमजन को मिलने वाली सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में चल रहे सुंदरीकरण कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली और गुणवत्ता बनाए रखते हुए शेष कार्य दो दिन के भीतर पूरा करने को कहा। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यालयों में आने वाले फरियादियों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अमित भट्ट सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।