रामनगरी अयोध्या में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। इसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। योग दिवस मुख्य रूप से राम की पैड़ी पर मनाया जाएगा। बृहस्पतिवार को डीएम निखिल टीकाराम फुंडे ने अपनी टीम के साथ राम की पैड़ी का निरीक्षण किया और दिशा निर्देश दिए। राम की पैड़ी के साथ गुलाबबाड़ी में भी भव्य रूप से योग दिवस मनाए जाने की तैयारी है। यहां पर दक्षिण अफ्रीका का भी एक दल योग दिवस समारोह में शामिल होगा। योग दिवस सभी तहसील मुख्यालय, ब्लॉक मुख्यालय, ग्राम पंचायत कार्यालय व अन्य जगहों पर आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान अयोध्या पुलिस दोहरी भूमिका में होगी। खुद योग दिवस में शामिल होगी और सुरक्षा में भी तैनात रहेगी। राम की पैड़ी पर लगभग 4000 लोग योगाभ्यास करेंगे। राम की पैड़ी पर प्रदेश के की कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही व अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। डीएम निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि मुख्य रूप से राम की पैड़ी पर योग दिवस आयोजित किया गया है। इसका निरीक्षण भी किया गया है और तैयारी के दिशा निर्देश दिए गए हैं। सुबह 6:00 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा और यह 7:45 बजे तक चलता रहेगा।इस दौरान प्रधानमंत्री के उद्बोधन का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। दूसरी तरफ आईजी प्रवीण कुमार ने कहा कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अयोध्या पुलिस दोहरी भूमिका में होगी। एक तरफ वह खुद योग दिवस में शामिल होगी तो दूसरी तरफ सुरक्षा के साथ ट्रैफिक मैनेजमेंट किया जाएगा। वहीं, उत्तर प्रदेश पुलिस के इंस्पेक्टर कवि और शायर धर्मराज ने भी योग दिवस को लेकर अपनी कविता सुनाई।