अयोध्या में कैंटोनमेंट बोर्ड में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की भर्ती में कथित भ्रष्टाचार के मामले में सीबीआई की एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक सफाई निरीक्षक जितेंद्र को 60 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। शिकायतकर्ता ने उसे जेल के पीछे स्थित मजार के पास बुलाया था, जहां सीबीआई ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। जांच के दौरान आरोपी की कार से 80 हजार रुपये नकद और आउटसोर्सिंग भर्ती से संबंधित दस्तावेज व कर्मचारियों की सूची बरामद होने की बात सामने आई है। आरोप है कि भर्ती के लिए प्रति अभ्यर्थी लगभग 40 हजार रुपये रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत लालकुर्ती वार्ड के सभासद बिनीश कुमार ने सीबीआई से की थी। कार्रवाई के बाद कैंटोनमेंट बोर्ड में कई कर्मचारियों से देर रात तक पूछताछ की गई। सीबीआई आरोपी को अपने साथ लखनऊ ले गई। कैंटोनमेंट बोर्ड में भ्रष्टाचार के मामलों में इससे पहले भी सीबीआई कई बार छापेमारी कर चुकी है।