रामनगरी में अयोध्या विकास प्राधिकरण (एडीए) और नगर निगम अयोध्या के कार्यालय जल्द ही नई बिल्डिंग में शिफ्ट किए जाएंगे। दोनों विभागों को एक ही परिसर में लाने की तैयारी चल रही है। यह आधुनिक भवन तहसील के पास निर्माणाधीन है और इसी वर्ष इसके पूर्ण होने के साथ शिफ्टिंग की उम्मीद जताई जा रही है। करीब 106 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस प्रोजेक्ट में 50 करोड़ रुपये 15वें वित्त आयोग से प्राप्त हुए हैं, जबकि शेष 56 करोड़ रुपये दोनों विभागों ने अपने-अपने हिस्से से 28-28 करोड़ रुपये के रूप में लगाए हैं। परियोजना के तहत एक बिल्डिंग में चार फ्लोर अयोध्या विकास प्राधिकरण के लिए निर्धारित किए गए हैं, जबकि उसी बिल्डिंग का पांचवां फ्लोर नगर आयुक्त व अन्य अधिकारियों के लिए बनाया जा रहा है। दूसरी बिल्डिंग में पांचों फ्लोर अलग-अलग विभागों के लिए तय किए गए हैं। पहले फ्लोर पर सिविल, मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल विभाग होंगे। दूसरे फ्लोर पर हेल्थ, एनफोर्समेंट और एनवायरनमेंट विभाग को स्थान मिलेगा। तीसरे फ्लोर पर रेवेन्यू, टैक्स, अकाउंट और जलकल विभाग कार्य करेंगे। चौथे फ्लोर पर वेटरनरी, उद्यान, पब्लिसिटी और संपत्ति विभाग को जगह दी जाएगी। पांचवें फ्लोर पर आधुनिक ऑडिटोरियम, मेयर का चैंबर और पार्षद कक्ष बनाए गए हैं। भवन में बेसमेंट पार्किंग, फायर सेफ्टी सिस्टम और बेहतर जल व्यवस्था जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार का कहना है कि नए परिसर के शुरू होने से दोनों विभागों के कार्यों में समन्वय बढ़ेगा और आम जनता को भी एक ही स्थान पर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।