अयोध्या में राम मंदिर बनने के बाद जिले को हर दृष्टि से विकसित किया जा रहा है। राम मंदिर के बनने के बाद देश-विदेश के लाखों श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं। ऐसे में उनकी सुविधाओं के लिए योगी सरकार नई-नई योजनाएं ला रही है। अयोध्या में 62 नई परियोजनाएं जल्द ही मूर्त रूप लेती नजर आएंगी। इनमें रामपथ और धर्मपथ पर मिस्टिंग फैन, फटिक शिला के पास पार्किंग सुविधा और राम की पैड़ी के पास वॉल पेंटिंग जैसी योजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं का कुल बजट 135 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है। डीपीआर बनाकर शासन को भेज दिया गया है। श्री अयोध्या जी तीर्थ क्षेत्र विकास परिषद ने इस महत्वाकांक्षी योजना को तैयार किया है। इसके अध्यक्ष स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं। तीर्थ क्षेत्र विकास परिषद के सीईओ संतोष शर्मा ने बताया कि अयोध्या में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए रामपथ और धर्मपथ पर 500 से अधिक मिस्टिंग फैन लगाने की योजना बनाई गई है। यह मिस्टिंग फैन गर्मी के मौसम में राहगीरों को राहत प्रदान करेंगे और शहर की सुंदरता में भी इजाफा करेंगे। मिस्टिंग फैन न केवल पर्यावरण के अनुकूल होंगे बल्कि ऊर्जा की खपत को भी कम करेंगे। इस सुविधा से अयोध्या में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत मिलेगी और उनकी यात्रा अधिक सुखद रहेगी। अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और बढ़ती भीड़ और वाहनों की संख्या को देखते हुए फटिक शिला के पास नई पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी। इसके अलावा राम की पैड़ी को और आकर्षक बनाने के लिए वहां देश की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को प्रदर्शित करने वाली वॉल पेंटिंग बनाई जाएगी, जो पंप कैनाल के पास की दीवारों पर उकेरी जाएगी। इसके अलावा विकास के अन्य कार्य भी कराए जाएंगे।