देशभक्ति का जज्बा, अनुशासन की मिसाल और रगों में दौड़ता उत्साह कुछ ऐसा ही नजारा शनिवार को अयोध्या के पुष्पराज चौराहा स्थित पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में देखने को मिला। रामनगरी में 26 जनवरी को मनाए जाने वाले 77वें गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी को लेकर परेड ग्राउंड में परेड का फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया। रिहर्सल के दौरान मुख्य अतिथि के स्वागत, राष्ट्रगान, हर्ष फायर और मार्च पास्ट का अभ्यास किया गया। कदमों की आहट और तिरंगे को सलामी सावधान और विश्राम के ओजस्वी उद्घोष के साथ जैसे ही परेड का आगाज हुआ, पूरा मैदान राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। पुलिस की विभिन्न टुकड़ियों ने शानदार फुल ड्रेस रिहर्सल कर अपनी तैयारियों का लोहा मनवाया। रिहर्सल के दौरान न केवल कदमताल हुई, बल्कि राष्ट्रगान की धुन पर तिरंगे को सलामी देने और मुख्य अतिथि के स्वागत का बारीकी से अभ्यास किया गया। परेड में पुलिस की विभिन्न टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें पुरुष व महिला पुलिसकर्मियों की टोलियां, आपात सेवा यूपी-112 की दोपहिया और चारपहिया पीआरवी वाहन, मोटरसाइकिल दस्ता, रेडियो शाखा, फील्ड यूनिट, श्वान दल और फायर ब्रिगेड की टीमों ने अपनी धमक दिखाई। सभी दलों ने अपने-अपने संचालन, तालमेल और अनुशासन का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। अभ्यास के अंत में हर्ष फायरिंग और मार्च पास्ट का पूर्वाभ्यास किया गया। 26 जनवरी को मुख्य अतिथि की सलामी के बाद सभी को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई जाएगी। रिहर्सल के दौरान अधिकारियों ने परेड का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा सके। परेड के समापन पर हर्ष फायर के साथ मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी जाएगी, इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परेड को शपथ दिलाएंगे। परेड ग्राउंड में पूरे समय देशभक्ति और अनुशासन का माहौल बना रहा। पुलिस विभाग गणतंत्र दिवस समारोह को सफल बनाने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आया।