उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के विशेष कार्याधिकारी डॉ पंकज एल जानी शुक्रवार को डॉ राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के दौरे पर पहुंचे। वह विवि के आवासीय परिसर के प्रचेता भवन का निरीक्षण कर रहे थे। इसी समय यहां लाइब्रेरी साइंस विभाग के एक कक्ष में तीन अतिथि प्रवक्ता शराब पीते हुए रंगे हाथ पकड़े गए। उनके पास शराब की बोतल और गिलास में बने हुए पैग रखे थे। निरीक्षण में ओएसडी के साथ मौजूद कुलपति प्रो प्रतिभा गोयल के निर्देश पर तत्काल पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर शैलेंद्र सिंह को विश्वविद्यालय बुलाया गया। इसके बाद सीओ सिटी तीनों अतिथि प्रवक्ता शिव कुमार, देवेश कुमार और सुधीर सिंह को लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल रवाना हो गए। सीएमएस डॉ एके सिन्हा ने बताया कि दो शिक्षक डॉ सुधीर सिंह व डॉ देवेश कुमार पॉजिटिव मिले हैं। जबकि, डॉ शिव कुमार नेगेटिव है।