गजरौला। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तिगरी में बनाए गए सार्वजनिक शौचालय पर ताला लटका रहता है। गंगा में स्नान करने और धार्मिक अनुष्ठान कराने वाले श्रद्धालुओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता हैै। महिला श्रद्धालुओं को अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। गंगा किनारे होने के कारण ब्लॉक के गांव तिगरी का प्राचीन इतिहास और धार्मिक महत्व है। यहां पर प्रत्येक अमावस्या और पूर्णिमा पर हजारों श्रद्धालु स्नान कर पुण्य कमाते हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा किनारे उत्तर भारत के प्रमुख मेलों में शुमार गंगा मेला लगता है। जिसमें 30 से 40 लाख श्रद्धालु आतेे हैं। इसके अलावा तिगरी में ही गंगा किनारे अमरोहा, संभल और मुरादाबाद जिले के लोग शवों का अंतिम संस्कार करने लाते हैं। यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक औद्योगिक इकाई ने सार्वजनिक शौचालय बनवाया। इसमें महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग इंतजाम है। मगर हैरत की बात यह है कि इस पर ताला लटका रहता है। जिससे श्रद्धालुओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सबसे अधिक दिक्कत महिला श्रद्धालुओं को उठानी पड़ती हैै। एसडीएम मंडी धनौरा शैलेष कुमार दूबे ने बताया कि तिगरी में गंगा किनारे शौचालय पर ताले लगे रहने की जानकारी मिली है। वह दिखवाएंगे किस कारण बंद रहता है। किसी कर्मचारी को तैनात कराएंगे।