जगदीशपुर। भागीरथपुरम ग्राउंड रविवार शाम घोड़ों की टापों से गूंज उठा। जैसे ही रेस का बिगुल बजा, मैदान में रफ्तार की ऐसी जंग छिड़ी कि दर्शक रोमांच से भर उठे। लखनऊ, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, जौनपुर सहित 24 स्थानों से आए घुड़सवारों ने अपने दमदार घोड़ों के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। सेमीफाइनल मुकाबले में प्रतापगढ़ के वरुण सिंह, कोहड़ौर के मोहम्मद असलम, महेश्वरगंज के राम शंकर यादव और नंदौली के प्रेम नाथ प्रजापति के घोड़ो के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। अंत में वरुण सिंह के घोड़े ने बाजी मारते हुए पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि मोहम्मद असलम का घोड़ा दूसरे स्थान पर रहा । फाइनल राउंड में सात घोड़ों ने मैदान संभाला। शुरुआत से ही घोड़े सरपट दौड़े, लेकिन अंतिम चरण में लखनऊ के अब्दुल्लाह खां का ‘पठान’ घोड़ा सब पर भारी पड़ा। तेज रफ्तार और संतुलित दौड़ के दम पर ‘पठान’ ने प्रथम स्थान हासिल कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। दूसरे स्थान पर प्रतापगढ़ के खलील सेठ का ‘जुल्फेकार’घोड़ा रहा, जबकि तीसरे स्थान पर अमेठी के मंगरौरा निवासी अदनान प्रधान का ‘बाबर’ घोड़ा रहा। आयोजक शिव नरेश उपाध्याय ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण खेल संस्कृति को बढ़ावा देते हैं। प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोग देर शाम तक मैदान में मौजूद रहे।