जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र के मिश्रौली गांव के लाल का पुरवा निवासी 21 वर्षीय प्रमोद पासी पुत्र जगन पासी का शव मंगलवार सुबह घर से करीब 600 मीटर दूर नैया नाला के किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। सोमवार सुबह लखनऊ जाने की बात कहकर घर से निकले युवक की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों के अनुसार प्रमोद सोमवार सुबह काम की तलाश में लखनऊ जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह ग्रामीण शौच के लिए खेतों की ओर गए तो नैया नाला के किनारे उसका शव पड़ा मिला। सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पहचान होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर जगदीशपुर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के मुताबिक मृतक के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे मौत को लेकर कई तरह की आशंकाएं पैदा हो गई हैं। प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। युवक का शव घर से महज 600 मीटर दूर मिलने और मौत के कारण स्पष्ट न होने से ग्रामीणों में हत्या की आशंका को लेकर चर्चाएं हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। मुसाफिरखाना क्षेत्राधिकारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फील्ड यूनिट ने भी जांच की है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।