अमेठी जिला अस्पताल गौरीगंज परिसर स्थित टीबी चिकित्सालय सभागार में क्षय रोगियों को पोषाहार व कंबल वितरित किया गया। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने टीबी मरीजों को पोषाहार देकर कहा कि इसका नियमित सेवन जरूरी है। सभी मरीज सबसे पहले खुद ठीक हो जाएं। स्वस्थ होने के बाद अन्य मरीजों को इस तरह से पोषाहार वितरण करने का संकल्प लें जिससे एक दूसरे की मदद की जा सके। बाल कल्याण समिति की सदस्य व महिला स्वैच्छिक सेवा समिति की सचिव नीरज पांडेय ने बताया कि कंबल व पोषाहार का वितरण 20 क्षय रोगियों को किया गया है। आगे भी इस तरह की सहायता दी जाएगी। इस मौके पर जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल कुमार, जिला सेवायोजन अधिकारी अनुपमा रानी, जिला क्षय रोग चिकित्सक डॉ. दीपक सिंह आदि मौजूद रहे।