अमेठी में सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के संयोग पर सोमवार को जिले के प्रमुख शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर होते ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतार लग गई। कांवड़ियों के साथ बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और रुद्राभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि व क्षेत्र में शांति की कामना की। मंदिर परिसर दिनभर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंजते रहे। ताला के मुकुटनाथ धाम, जागेश्वर धाम, कालिकन धाम, देवीपाटन धाम, दुखहरण धाम और महादेवन मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ रही। टीकरमाफी स्थित नर्मदेश्वर शिव मंदिर, गौरीगंज के महामृत्युंजय धाम, दंडेश्वर धाम और दत्तेश्वर धाम में भी श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। पीढ़ी के तपेश्वरनाथ धाम, राजाफत्तेपुर के बाबा घुइसरनाथ महादेव, फुल्लेश्वर महादेव, पूरे सर्वजीत के शिवेश्वर महादेव और सेमरौता के बाबा उजियारनाथ महादेव मंदिर में दिनभर दर्शन-पूजन चलता रहा। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, दही, शहद, बेलपत्र, धतूरा, भस्म और पुष्प अर्पित किए। कई स्थानों पर सामूहिक रुद्राभिषेक कराया गया। घरों में भी लोगों ने विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा की और विशेष अनुष्ठान किए।