अमेठी में मिशन शक्ति फेज-5 के दूसरे चरण के तहत गौरीगंज में बुधवार को ‘रन फॉर एम्पावरमेंट’ का आयोजन हुआ। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मी और स्कूली छात्राओं ने भाग लेकर महिला सुरक्षा और जागरूकता का संदेश दिया। दौड़ की शुरुआत पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से हुई। प्रतिभागियों का उत्साह पूरे मार्ग पर दिखाई दिया। महिला पुलिसकर्मी अनुशासन के साथ आगे बढ़ीं, वहीं छात्राओं ने भी कदम से कदम मिलाकर सहभागिता निभाई। यह दौड़ गौरीगंज कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर समाप्त हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और समाज में सुरक्षा को लेकर सकारात्मक माहौल बनाना रहा। पुलिस विभाग ने इस पहल के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया कि महिलाएं सुरक्षित हैं और अपनी क्षमता के साथ आगे बढ़ सकती हैं। दौड़ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान रखा गया। आगे पुलिस वाहन मार्ग साफ करते हुए चल रहे थे। पीछे भी पुलिस बल मौजूद रहा, जिससे पूरे कार्यक्रम में व्यवस्था बनी रही। मार्ग पर तैनात पुलिसकर्मियों ने यातायात को नियंत्रित किया और प्रतिभागियों की सुरक्षा सुनिश्चित की। मिशन शक्ति अभियान के तहत जिले में लगातार जागरूकता कार्यक्रम चल रहे हैं। इसी क्रम में इस आयोजन ने समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाया। महिला पुलिसकर्मियों की सक्रिय भागीदारी ने यह दर्शाया कि सुरक्षा व्यवस्था में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। छात्राओं ने भी इस पहल को सराहा और ऐसे आयोजनों को आगे भी जारी रखने की बात कही। पुलिस विभाग ने भविष्य में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित करने की योजना जताई है। इससे महिलाओं में जागरुकता और आत्मविश्वास बढ़े।