यूपी के अमेठी में नगर पंचायत, अमेठी में लगभग 15 वर्षों से बंद पड़ी जलापूर्ति व्यवस्था जल्द शुरू होने की उम्मीद जगी है। मुख्य हेड से पाइपलाइन जोड़ने के लिए रेलवे और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएच) से अनुमति मिल गई है। परमिशन मिलने के बाद जल निगम पाइपलाइन जोड़ने की तैयारी में जुट गया है। इसके पूरा होते ही नगर के करीब 70 हजार से अधिक लोगों को पेयजल सुविधा मिलने का रास्ता खुल जाएगा। शहर के दुर्गापुर रोड पर बनी तीनों पानी की टंकियां लंबे समय से निष्क्रिय थीं और लोगों के लिए मात्र शोपीस बनकर रह गई थीं। दशकों पुरानी जलापूर्ति लाइनें पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी थीं। पिछले आठ वर्षों से नगर क्षेत्र में एक भी सक्रिय कनेक्शन नहीं था। लगभग चार दशक पूर्व सरवनपुर स्थित टंकी से अमेठी नगरवासियों को पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था हुई थी, लेकिन पाइपलाइन और नलकूप खराब होने से यह योजना ठप हो गई थी। वर्ष 2023-24 में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत नगर पंचायत के 12 वार्डों और आसपास की ग्राम पंचायतों में जलापूर्ति बहाल करने के लिए 11.7 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई। इसके तहत 45 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई और रायपुर फुलवारी के पूरे राम प्रसाद गांव में 750 व 200 किलोलीटर क्षमता की टंकियों का निर्माण कराया गया। पाइपलाइन को मेन सप्लाई लाइन से जोड़ने में रेलवे और एनएच के रास्ते बाधा बन रहे थे, जिनकी अनुमति अब मिल चुकी है। अमेठी कस्बा निवासी सुशील कुमार जायसवाल ने बताया कि 35 वर्ष पूर्व बनी टंकी है। करीब 15 वर्षों से पानी का एक बूंद नहीं मिला है। कनेक्शन कटवा दिया गया है। बताया कि फिर बजट आया है, लेकिन काम करने वाली संस्था की लापरवाही से लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। वार्ड नंबर आठ निवासी मोहम्मद कमरुल इस्लाम ने बताया कि नगर पंचायत के लोगों को पानी की सुविधा काफी दिनों से नहीं मिल पा रही है। लोगों को बाहर स्थित नलों से पानी पीने की जद्दोजहद कर रहे हैं। तोपखाना मोहल्ला निवासी मुन्नवरअली सैफी ने कहा कि नगर पंचायत में जलापूर्ति नहीं हो रही है। लोगों को कई वर्षों से पानी के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कटरा राजाहिम्मत सिंह निवासी सदाशिव पांडेय ने बताया कि कई वर्षों पानी नहीं मिल रहा है। पाइप डालकर कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। संबंधित अफसर इसे गंभीरता से लेकर परियोजना को पूरा कराएं। वर्ष 2016-17 में 4.95 करोड़ रूपये से परसावां, बेनीपुर प्रथम और द्वितीय, आवास विकास के समीप स्थित नलकूप का रिबोर संग 17 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई। परिसर में 500-500 किलोलीटर की दो टंकियां बनीं थीं। इसके अलावा 400 किलोलीटर क्षमता की एक और नई टंकी का निर्माण कराने के साथ ही बाउंड्रीवाल व अन्य निर्माण कराए गए। लेकिन, टंकी परिसर स्थित नलकूप का रिबोर नहीं हुआ। वर्ष 2017 के बाद कोई बजट नहीं मिला है, जिससे कार्य अधूरा होने से जलापूर्ति नहीं हुई थी। नगरीय क्षेत्र के अवर अभियंता यू.के. यादव ने बताया कि परमीशन मिलने के बाद पाइपलाइन जोड़ने का कार्य शीघ्र शुरू होगा। उन्होंने कहा कि मेन लाइन जुड़ते ही जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी, जिससे नगरवासियों को वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिलेगी।