अंबेडकरनगर। जिले में ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर बृहस्पतिवार को अकबरपुर ईदगाह समेत तमाम मस्जिदों में नमाज अदा की गई। अल्लाह की बारगाह में हजारों लोगों के सिर सजदे में झुके। नमाज के बाद देश में अमन, एकता और खुशहाली के लिए दुआ की गई। लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। इबादत के बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक ईद-उल-अजहा की धूम रही। शहर के अलावा आलापुर, जलालपुर, बसखारी, हजपुरा, किछौछा, सम्मनपुर, टांडा में भी खुशनुमा माहौल में ईद-उल-अजहा का त्योहार मनाया गया है। सुबह ईदगाहों समेत तमाम छोटी-बड़ी मस्जिदों में नमाज अदा कराई गई।