टांडा इलाके के नेहरू नगर निवासी सुरेंद्र माझी की हत्या को अंजाम देने वाले प्रेमचंद उर्फ चंदू निवासी मिश्रौलिया को शुक्रवार की देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक सर्विलांस टीम को मिली मोबाइल लोकेशन के आधार पर एनएच-233 टाण्डा-बसखारी मार्ग पर हसनपुर गांव के पास आरोपी को रोकने की कोशिश की गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। बचाव में पुलिस की ओर से भी फायरिंग की गई, जिसमें एक गोली चंदू के बाएं पैर में लग गई इसके बाद पुलिस ने आरोपी चंदू को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लकड़ी व्यापारी सुरेंद्र माझी से लूटी गई दो सोने की चेन करीब 64000 नगद और मोबाइल बरामद हुए हैं। इसके अलावा तमंचा और कारतूस भी मिले हैं। चंदू ही इस पूरे हत्याकांड का मास्टरमाइंड है। चंदू ने अपने साथी अरविंद प्रजापति की मदद से 3 मार्च की दोपहर की धारदार हथियार से हत्या की। इसके बाद अरविंद को शराब में जहर मिलाकर मार दिया था। चंदू जुआ का आदी था और उसे पर लाखों रुपए का कर्ज था। इस कर्ज को उतारने के लिए उसने वारदात को अंजाम दिया था। मुठभेड़ के दौरान इंस्पेक्टर दीपक रघुवंशी समेत अन्य तमाम पुलिसकर्मी मौजूद रहे।