जलालपुर अंबेडकरनगर: भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के बैनर तले मंगलवार को किसानों ने जलालपुर तहसील परिषद परिसर में 15 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने प्रशासन पर मांगों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा। तहसील अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि 16 मार्च को एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया था लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 25 जून को भी प्रार्थना पत्र देकर मांगों के निस्तारण की अपील की गई, बावजूद इसके सुनवाई न होने पर किसानों को धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ा। धरने के दौरान किसानों ने राजस्व अभिलेखों में गड़बड़ी, सरकारी भूमि एवं सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण, जल निकासी की समस्या, हर घर जल योजना के तहत पेयजल आपूर्ति में अनियमितता, अवैध कब्जों, बिजली विभाग द्वारा बिना सूचना अर्थदंड लगाए जाने, ग्राम सचिवालयों में सचिवों की अनुपस्थिति तथा अमृत सरोवर निर्माण में कथित अनियमितताओं की जांच समेत 15 मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई। उधर, एसडीएम राहुल गुप्ता ने बताया कि किसानों की मांगों के संबंध में संबंधित लेखपालों से रिपोर्ट तलब की गई है। कुछ मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं जबकि अन्य प्रकरणों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।