फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किछौछा दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा ऑटो पलटा, बुजुर्ग की मौत, कई घायल

जलालपुर/अंबेडकरनगर। किछौछा दरगाह से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक ऑटो गुरुवार दोपहर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक बुजुर्ग श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार, जनपद आजमगढ़ के लालगंज थाना क्षेत्र के चुटेहरा गांव निवासी श्रद्धालु किछौछा दरगाह से दर्शन कर दोपहर करीब दो बजे रफीगंज स्थित भियाव दरगाह जा रहे थे। श्रद्धालु एक ऑटो में सवार थे। बताया जाता है कि ऑटो में क्षमता से अधिक यात्री बैठे हुए थे, जो हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। बसखारी-जलालपुर मार्ग पर नंदापुर गांव के पास मोड़ पर पहुंचते ही ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना में ऑटो सवार सभी यात्री घायल हो गए। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नगपुर, जलालपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. राजीव कुमार ने 75 वर्षीय जुनैद को मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार, ऑटो चालक मोबाइल फोन पर बात कर रहा था, जिससे उसका ध्यान भटक गया और वाहन पर नियंत्रण नहीं रह सका। देखते ही देखते ऑटो पलटकर सड़क किनारे जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने डायल-112 और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे जलालपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया तथा मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। घायलों में माधुरी यादव (55), तनु (21), आंचल (21), अनामिका (40), लीलावती (65), कुसुम (55), रंजीत राजभर (60), अंकित (20) और शिवांश (7) शामिल हैं। सभी का उपचार अस्पताल में चल रहा है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी, ओवरलोडिंग और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग जैसे गंभीर मुद्दों को उजागर करता है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें