फतेहपुर में लेखपाल सुधीर कुमार की मौत से अंबेडकरनगर में लेखपाल आक्रोशित हो गए। शुक्रवार को अकबरपुर तहसील में लेखपाल संघ ने प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री के नाम 6 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संघ ने आरोप लगाया कि शादी से पहले छुट्टी नहीं मिलने, लगातार फटकार, निलंबन और सेवा समाप्ति की धमकी के तनाव ने सुधीर को आत्महत्या के लिए मजबूर किया। ज्ञापन में कहा गया कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि अधिकारियों की असंवेदनशीलता से हुई मजबूरन मौत है। संघ का आरोप है कि परिजन एफआईआर की मांग कर रहे थे, लेकिन प्रशासन ने 30 घंटे तक मुकदमा दर्ज नहीं किया। बाद में तहरीर बदलवाकर मुख्य आरोपी पीसीएस अधिकारी संजय कुमार सक्सेना का नाम हटाया गया। लेखपाल संघ ने मांग की कि मुख्य आरोपी को नामजद किया जाए। मृतक की मां को 50 लाख मुआवजा मिले। परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए। एसआईआर की समयसीमा बढ़ाई जाए। अफसर–कर्मचारी संवाद सुधारने के निर्देश जारी किए जाएं।