अंबेडकरनगर: दिव्यांगजनों के लिए दैनिक जीवन की चुनौतियों को आसान बनाने और उन्हें आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को विकास भवन परिसर में सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें किसी को ट्राई साइकिल मिली तो किसी को व्हीलचेयर। दृष्टिबाधितों को स्मार्ट केन और सुनने में परेशानी का सामना करने वालों को कान की मशीन दी गई। इस दौरान कुल 160 सहायक उपकरण वितरित किए गए। दिव्यांगजन विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में एमएलसी हरिओम पांडेय मुख्य अतिथि तथा विधायक धर्मराज निषाद और जिला पंचायत प्रशासक साधू वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। डीडीओ सविता सिंह और जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी वरुण सिंह ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र दिव्यांगजनों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार 80 साइकिल, 30 व्हीलचेयर, 10 स्मार्ट केन, पांच कान की मशीन, 20 एमआर किट और 15 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरित की गईं। इन उपकरणों से लाभार्थियों को आवागमन और रोजमर्रा के कामकाज में सहूलियत मिलेगी। खासकर मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल और व्हीलचेयर से चलने-फिरने में कठिनाई का सामना करने वाले लोगों को राहत मिलेगी, जबकि स्मार्ट केन दृष्टिबाधितों के लिए सहायक होगी।