अंबेडकरनगर: दिवाली और छठ पूजा पर घर लौटने की तैयारी कर रहे यात्रियों के सामने ट्रेनों में सीटों का संकट खड़ा हो गया है। अकबरपुर रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली कई नियमित ट्रेनों में नो रूम की स्थिति है, जबकि अन्य ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। दिल्ली, पंजाब, मुंबई, कोलकाता और जम्मू-कश्मीर समेत दूसरे शहरों से जिले आने वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट के लिए जूझना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि आरक्षण काउंटर पर पहुंचने के बाद भी यात्रियों को निराश लौटना पड़ रहा है। अब लोगों की उम्मीद तत्काल टिकट पर टिकी है, लेकिन वहां भी मारामारी की आशंका बनी हुई है। इस बार आठ नवंबर को दिवाली मनाई जाएगी। त्योहार नजदीक आने के साथ ही महानगरों में नौकरी और कारोबार करने वाले लोगों की घर वापसी की तैयारी तेज हो गई है। इसके चलते ट्रेनों में आरक्षण की मांग बढ़ गई है।