फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अंबेडकरनगर में शिव बाबा धाम में 312 जोड़ों ने लिए सात फेरे, दिए गए उपहार

Bhupendra Singh Updated Sat, 22 Aug 2026 03:58 PM IST

अंबेडकरनगर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को शिव बाबा धाम में आयोजित भव्य समारोह में जिले के 312 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। वैदिक मंत्रोच्चार और मंगलगीतों के बीच नवविवाहित जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर साथ निभाने का संकल्प लिया। समारोह में वर-वधू के साथ उनके परिजनों की भी बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित समारोह में सुबह से ही वर-वधुओं और उनके परिजनों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। पंजीकरण और अन्य प्रक्रियाओं में सुविधा के लिए ब्लॉकवार काउंटर बनाए गए थे। समारोह स्थल पर बैठने, भोजन, पेयजल और अन्य व्यवस्थाएं की गई थीं। कार्यक्रम का शुभारंभ एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय, कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद और जिला पंचायत अध्यक्ष साधु वर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। लोक गायिका प्रतिमा यादव ने अपनी टीम के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह में रंग भर दिया। नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों में भी कार्यक्रम को लेकर उत्साह नजर आया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शादी की रस्में पूरी कराई गईं। फेरे होने के बाद जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने पुष्प वर्षा कर आशीर्वाद दिया। शासन की योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए गए। इसमें 64 हजार रुपये वधू के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजे जाएंगे, जबकि 21 हजार रुपये की वैवाहिक उपहार सामग्री दी गई। शेष 15 हजार रुपये समारोह के आयोजन पर खर्च किए गए। उपहार सामग्री में कपड़े, आभूषण, बर्तन समेत गृहस्थी में उपयोग होने वाली सामग्री शामिल रही। समारोह के दौरान वर-वधुओं और उनके परिजनों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह, सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला, एडीएम ज्योत्सना बंधु, जिला समाज कल्याण अधिकारी विक्रम कौशल समेत अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें