यूपी के अंबेडकरनगर में भीटी के बेनीपुर गांव के सुशील तिवारी का जिला कारागार में फंदे से शव लटकता मिलने के करीब 34 घंटे बाद बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 2 बजे अंतिम संस्कार किया गया। शव गांव पहुंचने के बाद से ही परिजन नाम निकालने के एवज में रुपये लेने वाले अधिवक्ता व पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई, दो करोड़ रुपये मुआवजे और मृतक की पत्नी को नौकरी दिलाने की मांग पर अड़ गए। सुबह से चली कई दौर की वार्ता के बाद विधायक कटेहरी धर्मराज निषाद व अधिकारियों के आश्वासन देने पर परिजन शांत हुए।