यूपी के अंबेडकरनगर में बुधवार की रात से लगातार बारिश जारी है। इससे जहां ठंडक बढ़ गई है, वहीं किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। खेतों में पानी भरने से धान की कटाई और आलू की बोआई का काम ठप हो गया है। फसल गिरने और भीगने से भारी नुकसान होने का अनुमान है। बृहस्पतिवार की सुबह से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है। धान कटाई का काम अधर में लटका है। जिन किसानों ने आलू की बोआई की तैयारी कर रखी थी, उन्हें अब मौसम साफ होने का इंतजार है। किसानों का कहना है कि बारिश के कारण फसल को नुकसान होना तय है।