रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ग्रुप डी भर्ती के दूसरे चरण की शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) के लिए डीएसए ग्राउंड पर पहुंचे युवाओं का उत्साह देखते ही बनता था। दिन भर चली इस परीक्षा में चिलचिलाती धूप में अभ्यर्थियों ने अपनी शारीरिक क्षमता का पूरा परिचय दिया और 621 अभ्यर्थी सफल हुए। प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा के नियमों के तहत पुरुष अभ्यर्थियों को 35 किलोग्राम वजन की बोरी कंधे पर रखकर निर्धारित समय यानी दो मिनट में 100 मीटर की दूरी तय करनी होती है। इसके अलावा उन्हें एक हजार मीटर की दौड़ भी तय समय सीमा के अंदर पूरी करनी होती है।