एत्मादपुर। बरहन रोड पर गांव रसूलपुर के पास पेट्रोल पंप पर बाइक सवार दो युवकों का सेल्समैन से पेट्रोल न देने पर विवाद हो गया, सेल्समैन ने युवकों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज का आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। गांव रसूलपुर के सेल्समैन ऋषि कुमार ने थाने में पुलिस को बताया कि वह रसूलपुर स्थित पेट्रोल पंप पर सेल्समैन है, 22 अगस्त को रात्रि को अपने साथी सतेंद्र कुमार के साथ ड्यूटी पर था। रात्रि 10:30 उसने पंप को बंद कर दिया, जिसके बाद 11 बजे एक बाइक पर दो युवक आए और बोतल में पेट्रोल मांगने लगे। उसने पंप बंद होने की बात कहते हुए सुबह 5 बजे पंप खुलने पर पेट्रोल लेने को कहा। इस पर उक्त लोगों ने हम दोनों से गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। कहा, हम किसान संगठन चलाते हैं, नौकरी नहीं करने देंगे और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना की जानकारी पंप मालिक को दी। सीसीटीवी में एक युवक की पहचान गांव सवाई के प्रताप सिंह के रूप में हुई। सहायक पुलिस आयुक्त देवेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।