आगरा। फ्लैट को फर्जी दस्तावेज बनाकर बैंक से दो बार लोन ले लिया गया। जानकारी होने पर पीड़िता ने हरीपर्वत थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जगनपुर निवासी लवलीना लालवानी ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की। आरोप लगाया था कि 4 अगस्त 2022 को समीक्षा मिश्रा से खंदारी स्थित हवेली अपार्टमेंट में फ्लैट 15 लाख रुपये खरीदा था। जुलाई 2024 में उन्हें जानकारी मिली कि उनकी संपत्ति पर फर्जी बैनामा कर बैंक से लोन लिया गया है। जांच में सामने आया कि समीक्षा मिश्रा के पति आलोक कुमार मिश्रा ने शिवशंकर, गंगाराम और पदमचंद के साथ मिलकर पहले फर्जी बैनामा अपने नाम कराया, फिर अन्य लोगों के नाम से कागजात तैयार कर एक्सिस बैंक से ऋण प्राप्त किया। इसमें बैंक मैनेजर की भी मिलीभगत का आरोप है। थाना प्रभारी हरीपर्वत ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।