आगरा। एमजी रोड पर मेट्रो निर्माण कार्य और सावन के आखिरी सोमवार पर रावली मंदिर में भक्तों की भीड़ के कारण भीषण जाम लगा। इस जाम में प्रशासन के तीन अधिकारी भी फंस गए, जिन्हें एक मिनट की दूरी तय करने में पंद्रह मिनट का समय लगा। सुबह नौ बजे से शुरू हुए इस जाम से एंबुलेंस और अन्य सवारी वाहन भी प्रभावित हुए। अधिकारी के साथ मौजूद एस्कॉर्ट के कर्मचारी भी जाम खुलवाने में असमर्थ रहे। रावली पर मेट्रो पुल के निर्माण के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग से रास्ता काफी संकरा हो गया है। इसी तरह कलेक्ट्रेट पर भी पुल निर्माण के कारण बैरिकेडिंग लगी हुई है। इन बैरिकेडिंग के कारण वाहनों की आवाजाही धीमी पड़ गई है। सोमवार को रावली मंदिर में भक्तों की संख्या बढ़ने से स्थिति और बिगड़ गई। यातायात पुलिस को जाम खुलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।