आगरा कैंट की नॉर्थ रेलवे कॉलोनी में दिन के समय चोरी हो गई। चोर लाखों रुपये के जेवर और नकदी तो ले ही गए, फ्रिज में रखी रबड़ी भी खा गए। पीड़िता का कहना है कि चोरों ने मंदिर की गुल्लक और लड्डू गोपाल के आभूषण को भी नहीं छोड़ा। चोरी की इस घटना से कॉलोनी के लोगों में दहशत है। जी-8ए, नॉर्थ रेलवे कॉलोनी में रहने वालीं सोनम पांडे पार्सल विभाग में कॉमर्शियल असिस्टेंट हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह बुधवार सुबह करीब 6 बजे ड्यूटी गई थीं। बच्चे ऋषि और बेटी छवि स्कूल गए थे। उनकी बहन रुपम भी सुबह 10 बजे ड्यूटी चली गईं। दोपहर करीब 2 बजे जब बहन लौटीं तो चोरी हो चुकी थी। चोर करीब डेढ़ तोला सोने के जेवर, आधा किलो चांदी के आभूषण, एक मोबाइल फोन और 5,000 रुपये नकदी ले गए। कॉलोनी के लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।