आगरा। टेढ़ी बगिया जलेसर मार्ग पर आयोजित दो दिवसीय मेले के अंतिम दिन कार्यक्रमों की विशेष धूम रही। इस अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया तथा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गीत और नाटक के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने जमकर तालियां बजाईं और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। मेला कमेटी के अध्यक्ष श्याम प्रकाश बोधी ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र के प्रतिभाशाली और उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करना है, ताकि वे आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। मेले के सफल आयोजन पर क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल रहा। इस दौरान शिवराज सिंह, चौधरी श्रीलाल, दिनेश उर्फ पप्पू, भूरी सिंह, भूदेव सिंह, बुद्ध रतन बोधी, हर्ष रतन बोधी, बौद्ध प्रकाश, अजय पाल, मुकेश शर्मा और सुरेश चंद्र आजाद मौजूद रहे।