आगरा में बीएसए कार्यालय पर मंगलवार को शिक्षामित्रों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद शिक्षामित्रों ने बीएसए जितेंद्र कुमार गोंड को ज्ञापन सौंपा। शिक्षामित्रों ने बताया कि उनका मानदेय पिछले दो माह से रुका हुआ है। इसके अलावा उन्हें नजदीकी विद्यालय में समायोजित किया जाना था, लेकिन अब तक समायोजन नहीं किया गया है। इसके कारण वे दूरस्थ विद्यालय में अध्यापन करने को मजबूर हैं। इन समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए शिक्षामित्रों ने ज्ञापन के माध्यम से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।