रेलवे स्टेशनों पर घर से बिछड़े, लापता और मुश्किल परिस्थितियों में फंसे बच्चों के लिए आरपीएफ का ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते मददगार बन रहा है। आगरा मंडल में अप्रैल से जुलाई 2026 तक आरपीएफ ने अभियान के तहत 45 बच्चों को सुरक्षित बचाया। इनमें 22 लड़के और 23 लड़कियां शामिल हैं। आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि बचाए गए बच्चों में लापता, अपहृत, मानसिक रूप से अस्वस्थ और बेघर बच्चे शामिल हैं। आरपीएफ ने बच्चों को सुरक्षित बचाने के साथ उनके परिजनों तक पहुंचाने की दिशा में भी प्रयास किए। अभियान के तहत बच्चों की पूरी जानकारी ट्रैक चाइल्ड पोर्टल पर दर्ज की जाती है। रेलवे नेटवर्क में बच्चों को सुरक्षित वातावरण देने के लिए अभियान लगातार जारी है।