लोगों में पाइल्स-भगंदर की परेशानी तेजी से बढ़ रही है। इसकी सबसे बड़ी वजह अपच है, जो खराब खानपान और बिगड़ी हुई दिनचर्या के कारण होता है। चिंताजनक बात ये है कि छोटी उम्र के लोग भी इससे पीड़ित हैं। शुरुआत में रक्त आता है लेकिन दर्द नहीं होता। इसके बाद मस्से बड़े होने लगते हैं। शौचालय में अधिक समय बैठने और अतिरिक्त दबाव बनाने से परेशानी बढ़ने लगती है। फिर दर्द होने के साथ समस्या गंभीर हो जाती है। चिकित्सक के अनुसार शौच में 3-5 मिनट का समय ही लें और एक-दो दिन में ईसबगोल की भूसी दही-पानी से खाएं, इससे राहत मिलेगी। एसएन मेडिकल कॉलेज के सर्जन डॉ. करण रावत ने बताया कि शौचालय में मोबाइल देखने और अखबार पढ़ने जैसे काम न करें। इसके कारण लोग शौचालय में काफी समय बिताते हैं। इससे नसों और मस्सों पर दबाव पड़ने से परेशानी बढ़ रही है। शौच से पहले गुनगुना पानी पिएं और कुछ देर टहलें। परेशानी होने पर चिकित्सक को दिखाएं। एसएन में अब लेजर विधि से ऑपरेशन की भी सुविधा है।