आगरा में श्री जनकपुरी महोत्सव समिति के पदाधिकारियों ने कमला नगर के टेंपटेशन रेस्टोरेंट में मिथिला महल की थीम का पोस्टर विमोचन किया। समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि इस बार जो मिथिला महल बन रहा है उसे राजस्थान के एक महल की तर्ज पर बनाया जाएगा। समिति की कोशिश है कि इस बार के महल को पहले से और ज्यादा आकर्षक विशाल और दिव्य बनाया जाए। इसके लिए कोलकाता के 70 से 80 कारीगर रात दिन कार्य में लगे हुए हैं। राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने बताया कि जनकपुरी क्षेत्र में जगह-जगह आकर्षक और भव्य लाइटिंग की जाएगी। लोग जैसे ही कमला नगर की सड़क पर कदम रखेंगे, उन्हें चारों तरफ मिथिला नगरी की एक अद्भुत झलक दिखाई देगी। वहीं उन्होंने बताया कि जनकपुरी में शामिल होने के लिए देश के गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रेल मंत्री, वित्त मंत्री सहित कई बड़ी हस्तियों को निमंत्रण दिया है।