आगरा। आगरा रेल मंडल में ऑपरेशन अमानत के तहत अप्रैल से जुलाई तक 189 यात्रियों का खोया सामान बरामद कर उन्हें सुरक्षित वापस सौंपा गया। बरामद सामान की अनुमानित कीमत 21,67,474 रुपये है। इनमें बैग, मोबाइल, लैपटॉप, पर्स और जरूरी दस्तावेज शामिल हैं। आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि आरपीएफ ने विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों से सामान बरामद किया। पहचान और सत्यापन के बाद संबंधित यात्रियों को सामान सौंपा गया। स्टेशनों पर आरपीएफ और स्टेशन स्टाफ नियमित निगरानी रखते हैं। रेलवे की वेबसाइट और सोशल मीडिया पर भी बरामद सामान की जानकारी साझा की जाती है। उन्होंने बताया कि यात्री सामान छूटने पर तत्काल निकटतम स्टेशन, आरपीएफ या हेल्पलाइन 139 पर सूचना दें।