आगरा में छात्रवृत्ति योजना में भी कॉलेज लापरवाही बरत रहे हैं। जिले में अभी तक 1600 कॉलेजों ने मास्टर डाटा अपलोड नहीं किया है, जबकि 5 अगस्त अंतिम तिथि है। इन संस्थाओं को मास्टर डाटा अपलोड करने के लिए समाज कल्याण विभाग ने नोटिस जारी किए हैं। इसे किए बिना पूर्व दशम कक्षा 9 से 10 और दशमोत्तर कक्षा 11-12 के लाखों छात्र फॉर्म नहीं भर सकेंगे। छात्रवृत्ति योजना 2026-27 से छात्रों को लाभ दिलाने के लिए के लिए संस्थान का मास्टर डाटा छात्रवृत्ति पोर्टल पर अपलोड करना होता है। इसके लिए 23 जुलाई से 5 अगस्त तक पोर्टल ओपन किया गया है। समाज कल्याण अधिकारी नागेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मात्र 47 स्कूल और कॉलेज ने अपना मास्टर डाटा पोर्टल पर अपलोड किया है। अंतिम तिथि नजदीक है। इसी तरह की लापरवाही रही तो वह भी समय निकल जाएगा। बिना मास्टरडाटा अपलोड किए छात्र छात्रवृत्ति योजना में आवेदन नहीं कर सकते हैं। 11 अगस्त से छात्रवृत्ति फॉर्म भरे जाएंगे।