आगरा। ताजगंज क्षेत्र में नालों पर अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने सोमवार को सख्त कार्रवाई की। हरजूपुरा स्थित मुगल पुलिया के पास नालों के ऊपर कबाड़ का सामान रखकर कारोबार कर रहे दो कारोबारियों पर नगर निगम ने हजारों रुपये का जुर्माना लगाया। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटवाया और संबंधित कारोबारियों को सामान जब्त करने की चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि दोबारा नालों पर अतिक्रमण या सामान रखा गया तो सामग्री जब्त कर ली जाएगी और नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जेडएसओ ताजगंज महेंद्र सिंह ने बताया कि नालों पर अतिक्रमण के कारण जल निकासी व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित होती है, जिससे बरसात के मौसम में शहर में जलभराव की समस्या बढ़ जाती है। उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की कि वे नालों और सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा न करें तथा शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में सहयोग करें।