आगरा में बुधवार को सुबह बूंदाबांदी शुरू हुई तो दोपहर में सिकंदरा, मेडिकल कॉलेज, खेरिया मोड़, फतेहाबाद रोड, ताजगंज, शाहगंज आदि क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। हालांकि यह चंद मिनटों तक ही हुई, लेकिन इसने लोगों को उमस और गर्मी से राहत दी। शाम को पांच बजे के बाद फिर से बादल घिर आए और रात तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। बुधवार को पूरे दिन में कुल 13.6 मिमी. बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 31 डिग्री रहा, वहीं न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री पर बना रहा। इसके बाद बृहस्पतिवार को भी बादल जमकर बरसे। सुबह तेज बारिश होने के बाद दिनभर रिमझिम होती रही।